विद्युत अधिकारी कमचारी संयुक्त मोर्चा का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी
विकासनगर। उत्तराखंड विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा यमुना वैली का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। संयुक्त मोर्चा के अधिकारी कर्मचारियों ने डाकपत्थर स्थित ऊर्जा भवन व लखवाड़ व्यासी बांध परियोजना परिसर पर धरना प्रदर्शन किया। मोर्चा के अधिकारी कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन पर अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करने के बजाय उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने लगातार दूसरे गुरुवार 15 जुलाई को लखवाड़ व्यासी बांध परियोजना के परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वहीं ऊर्जा भवन में भी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने धरना देकर जनसभा की। जनसभा में वक्ताओं संविदा कार्मिकों को समान कार्य तथा समान वेतन देने, ऊर्जा निगमों में पुरानी पेंशन बहाल किए जाने, सभी एलाउंसेस का रिवीजन किए जाने, ऊर्जा निगमों में नौ वर्ष, 14 वर्ष व 19 वर्ष में पूर्व की भांति एसीपी प्रदान करने तथा उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद से सेवा शर्ते कमतर न किए जाने की मांग की। कहा कि निगम प्रबधंन यदि इसी तरह की उपेक्षा जारी रखेगा तो निगम प्रबंधन को अंजाम भुगतने के लिए भी तैयार रहना होगा संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें न मानी तो तय कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई को पावर कारपोरेशन मुख्यालय पर सत्याग्रह करेंगे व 27 जुलाई की मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु करने का ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों में अरविंद कुमार, अरविंद चौरसिया, मो. रियाज, चंद्रशेखर पुरोहित, सेवाराम, धीरेंद्र पंत, गोपाल विहारी, संजीव कुमार, बिमल कुमार, मनोज कांडपाल, मुकुल द्विवेदी, रौताश श्रीवास्तव, संजय राणा, शंकर सिंह, मो. सरताज, पूजा कुमारी, सुमित्रा, चित्रा, पंकज सैनी आदि शामिल रहे।
