अपशब्दों से देवभूमि का अपमान कर रहे हैं भाजपा नेता : आप
विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता पर उत्तराखंड वासियों के खिलाफ अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार से कार्रवाई की मांग की है। आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के एक विधायक भी पहले ऐसी ही हरकत कर चुके हैं।
विकासनगर मुख्य बाजार में प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा नेता अपने अपशब्दों से देवभूमि का अपमान कर रहे हैं। कहा कि देवभूमि के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्प्णी करने वाले प्रवक्ता के खिलाफ भाजपा संगठन और सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। इससे पूर्व खानपुर विधायक भी उत्तराखंड और यहां के लोगों के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं। कहा कि देवभूमि की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता सौंपी और भाजपा जनता का ही अपमान कर रही है। राजनीति में शुचिता का दावा करने वाली पार्टी के नेता, कार्यकर्ता, विधायक और प्रवक्ता अपने शब्दों से देवभूमि और यहां की जनता को अपमानित कर रहे हैं, बावजूद इसके भाजपा संगठन ऐसे नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सत्ता के मद में चूर होकर संसदीय और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। प्रदेश के विकास के बजाय भाजपा नेता और सरकार प्रदेशवासियों का अपमान कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में मनोज चौधरी, प्रतीक सक्सैना, दयाराम सिंह, डिंपल सिंह, अनंतराम चौधरी, गुरुमेल सिंह, रामपाल चौहान, महेंद्र चौधरी, गुमान सिंह, शालू, सीमा पाल, मीनू पाल, सोमबाला, इंद्रेश कुमार, जमशेद खान आदि शामिल रहे।