Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

सरकार के तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाना जनता के साथ धोखा

भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने पर जहां भाजपा जश्न मना रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे ‘विफलताओं का जश्न’ करार दिया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की कई योजनाएं ठप पड़ी हैं और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। भोज ने कहा कि अल्मोड़ा जिले में भाजपा सरकार पिछली कांग्रेस सरकार के ऐतिहासिक कार्यों को आगे नहीं बढ़ा पाई है। अल्मोड़ा बैराज की सफाई के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई, जबकि यहां के आईएसबीटी की शुरुआत अब तक नहीं हो सकी है। लोधिया में फूड क्राफ्टिंग इंस्टिट्यूट और जागेश्वर में हरिप्रसाद टम्टा शिल्प उन्नयन केंद्र के कार्य रुके पड़े हैं, वहीं आवासीय विश्वविद्यालय भी अस्तित्व खो चुका है। ऐसे में भाजपा सरकार का तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाना जनता के साथ धोखा है। महिला अपराधों की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। भोज ने आरोप लगाया कि अधिकतर मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आई है, जिससे पार्टी की मानसिकता और महिलाओं के प्रति उसकी सोच स्पष्ट होती है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कोई कड़ा रुख नहीं अपनाया गया है। कांग्रेस ने भाजपा को पहाड़ विरोधी बताते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेता पहाड़ों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रहे हैं। भोज ने कहा कि भाजपा के तीन साल के शासनकाल ने प्रदेश को गर्त में धकेल दिया है और उसकी साख को नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस ने घोषणा की कि वह सरकार की विफलताओं को जनता के सामने मजबूती से रखेगी और सरकार की खामियों की आलोचना जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *