Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

बाहरी राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों का हो सत्यापन

बागेश्वर

जिले में अवैध शस्त्रों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने अवैध शस्त्र निगरानी समिति की बैठक लेते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने जिले के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाने को कहा। अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों का विशेष सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। जिले में संचालित हथियार व गोला-बारूद की दुकानों की समय-समय पर औचक जांच होगी। तय सीमा से अधिक कारतूस खरीदने वालों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी गन हाउसों में लगे सीसीटीवी कैमरों का कम से कम एक वर्ष का बैकअप सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि अपराध प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बार, पब तथा अन्य नाइट प्रतिष्ठानों के संचालन समय का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही पुलिस पिकेट तथा सीसीटीवी कैमरों का विस्तार किया जाएगा। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *