जिले मे 75वां तिरंगा फहरा कर हल्लोलास मनाया अमृत दिवस।
हमीरपुर ।
जनपद में 75वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ परंपरागत व भव्यता के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सर्वप्रथम प्रातः 8:00 बजे जिलाधिकारी डॉ ज्ञानेश्वर त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया तत्पश्चात राष्ट्रगान कार्यक्रम संपन्न हुआ, तदोपरांत कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस संबंधी एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाधिकारी ने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की धर्मपत्नी को साल, श्री फल ,मिष्ठान व पुष्पमाला से सम्मानित किया तथा उनसे आशीर्वाद लिया। उन्होंने संविधान में बताए गए आदर्शों पर चलने हेतु लोगों को प्रेरित किया तथा राष्ट्र की एकता व प्रगति में मिलजुल कर योगदान देने ,भाईचारा बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करने का आवाहन किया । कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में शहीद होने वाले अमर बलिदानियों ,स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों द्वारा बताए गए आदर्शो एवं कर्तव्यपथ पर हमें चलना चाहिए । हमें अपने अंदर नैतिक मूल्यों का विकास करना चाहिए तथा अपने नैतिक, सामाजिक सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए ।हमें अपने राष्ट्रीय पर्वों यथा होली ,दशहरा ,ईद,दिवाली की भांति इसे जनउत्सव एवं जन समारोह के रूप में मनाना चाहिए ।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनय प्रकाश श्रीवास्तव ,अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार यादव ने भी स्वतंत्रता दिवस एवं आजादी के अमृत महोत्सव के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान कलाकारों ने देशभक्ति के गीत गाए।इस दौरान डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार शाक्य ,अभिहीत अधिकारी , कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी ,नाजिर सहित विभिन्न पटलों के कर्मचारी मौजूद रहे।तत्पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयंती राजपूत ,विधायक राठ श्रीमती मनीषा अनुरागी ,जिलाधिकारी , पुलिस अधीक्षक व अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रातः 09:15 बजे गांधी पार्क पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया तथा उनकी जीवनी पर विचार व्यक्त किए ,उनके बताए गए आदर्शों पर चलने हेतु लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने शहीद स्मारक/ पार्क पर भी माल्यार्पण किया।इसी क्रम में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुराना बेतवा घाट पहुंच कर वहां की साफ सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा स्थानीय निवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं आदि के बारे में पूछताछ की तथा संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर अध्यक्ष नगर पालिका हमीरपुर श्री कुलदीप निषाद ,सीएमओ डॉ ए के रावत, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार शाक्य सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
