पेट्रोल पंप पर लगी वाहनों की कतारें
नई टिहरी
गंगोत्री राजमार्ग के बीते रोज से ही बंद होने के चलते डीजल व पेट्रोल की सप्लाई बाधित होने की आशंका के चलते सुबह से ही पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पेट्रोल पंप पर लोगों को जरूरत के हिसाब से पेट्रोल उपलब्ध करवाया गया। भले ही राजमार्ग बंद होने के कारण जिला मुख्यायल पर पेट्राल व डीजल की कमी की बात को पेट्रोल पंप कर्मियों सहित पूर्ति विभाग ने नकारा, लेकिन कल से पेट्रोल की सप्लाई न आने के चलते पेट्रोल पंप पर तेल भराने के लिए आने वाले वाहनों को मांग के अनुरूप तेल न देकर जरूरत के हिसाब से पेट्रोल दिया गया। पेट्रोल की कमी की आशंका को देखते हुये सुबह से बौराड़ी पेट्रोल पंप पर वाहनों की कतार लगी रही। पेट्रोल पंप कर्मी चंदन सजवाण ने बताया कि सभी को पेट्रोल दिया गया है। लेकिन मांग के अनुसार नहीं, बल्कि जरूरत के हिसाब से पेट्रोल दिया गया है। दूसरी ओर पूर्ति अधिकारी मुकेश का कहना है कि किल्लत नहीं है, समय पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति वैकल्पिक मार्गों से करवाई जायेगी।
