Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

डेल्टा प्लस का संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

 

रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग जिले में डेल्टा प्लस वेरियंट का पहला केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और भी सर्तक हो गया है। विभागीय स्तर पर सैंपलिंग बढ़ा दी गई है। पेट्रोल पंप, पुलिस बैरियर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सैंपलिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग प्रतिदिन करीब 600 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेज रहा है। जिला प्रशासन के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग अनेक जगहों पर टीम भेजकर कोरोना सैंपलिंग करा रहा है। एक ओर कोविड टीकाकरण कर लोगों को सुरक्षित किया जा रहा है वहीं दूसरी ओर सैंपलिंग कर कोरोना संक्रमण की संभावनाओं पर भी लगातार निगरानी की जा रही है।

डेल्टा प्लस वेरियंट मिलने के बाद और भी सर्तकता बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पेट्रोल पंप में दो दिनों में करीब 70 से अधिक लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। वहीं पुलिस बैरियर खांकरा और अन्य स्थानों पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना सैंपल ले रही है। हालांकि अब किसी से जोर जबरदस्ती नहीं की जा रही है। पूछने पर जो भी लोग सहमति व्यक्त करें, या फिर किसी को संक्रमण की आंशका लग रही है वह जांच करा रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ बीके शुक्ला ने बताया कि कोरोना के प्रति लगातार सजग रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से मास्क पहनने के साथ ही सोसल डिस्टेंसिंग और जरूरी रूप से टीकाकरण के लिए निरंतर आग्रह करता रहा है। अब भी विभागीय स्तर पर सैंपलिंग की जा रही है ताकि कोई भी कोविड का केस आम समाज में घूमता न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *