NATIONAL

महज चार महीने में 5.7 लाख निवेशकों ने आईपीओ में किया निवेश

मुंबई ।

चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीने में पांच लाख 70 हजार निवेशकों ने आईपीओ में निवेश किया है। वित्त सेवा प्रदाता कंपनी मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (एमओएफएसएल) के ब्रोकिंग और वितरण कारोबार के मुताबिक वित्त वर्ष 2020-21 के पूरे साल में पांच लाख 10 हजार निवेशकों ने आईपीओ खरीदा। वहीं, वित्त वर्ष 2021-22 के पहले चार महीने में 5.7 लाख निवेशकों ने आईपीओ में निवेश किया।
पिछले वित्त वर्ष में ऐसे आईपीओ की संख्या 36 थी। कुल आईपीओ ग्राहकों में से करीब दो तिहाई ग्राहक मुख्य रूप से गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र से संबंधित रहे हैं। लगभग 52 प्रतिशत ग्राहकों, जिन्हें शेयर आवंटित किए गए थे, ने उन्हें लिस्टिंग के दिन बेच दिया। वहीं, 20 प्रतिशत निवेशकों, जिन्हें आईपीओ के दौरान शेयरों का आवंटन मिला था, उन्होंने स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग के पहले हफ्ते में ही अपने शेयरों को बेच दिए।
इनके अलावा लगभग 64 प्रतिशत आईपीओ ग्राहकों ने कम से कम दो आईपीओ के लिए आवेदन किया। 61 प्रतिशत ग्राहकों ने ऑनलाइन माध्यम से आईपीओ शेयर खरीदे। दवा निर्माता कंपनी ग्लेनमार्क लाइफसाइंसेज को 68 प्रतिशत के साथ सर्वाधिक ऑनलाइन आवेदन मिला, वहीं ऑनलाइन माध्यमों से कुल निवेश का 71 प्रतिशत हासिल हुआ।
सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन की 24 जून को सूचीबद्ध हुए शेयरों की कीमत में 63 प्रतिशत की वृद्धि हुई। निवेशकों ने इसके शेयर में दीर्घकाल के लिए निवेश किया है। इंडिया पेस्टिसाइड की 05 जुलाई को सूचीबद्ध शेयरों की कीमत में आठ प्रतिशत, क्लीन साइंस एंड टेक के शेयरों की कीमतों में 74 प्रतिशत, जोमैटो के शेयरो के मूल्य में 78 प्रतिशत और तत्व चिंतन फार्मा के शेयरों में 103 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *