Friday, October 16, 2026
SPORTS

विनेश ने मेडिकल दिया, नरसिंह यादव हारे

 

नयी दिल्ली ।

टोक्यो ओलम्पिक में अनुशासनहीनता दिखाने के कारण भारतीय कुश्ती संघ से निलंबन झेलने वाली और फिर माफ़ी मिलने से ट्रायल में उतरने वाली विनेश फोगाट ने विश्व चैंपियनशिप के लिए मंगलवार को हुए ट्रायल के अपने दूसरे मुकाबले से पहले मेडिकल दे दिया और मुकाबले से हट गयीं जबकि डोपिंग के कारण चार साल का निलंबन पूरा होने के बाद वापसी कर रहे महाराष्ट्र के पहलवान नरसिंह यादव को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के गौरव बालियान से 79 किग्रा में 6-15 से हार का सामना करना पड़ा ।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2 से 10 अक्टूबर तक ओस्लो नॉर्वे में होनी है जिसके लिए भारतीय कुश्ती संघ ने यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम में आज तीनों वर्गों में ट्रायल आयोजित कराये। ट्रायल में सभी निगाहें विनेश पर थीं जिन्हें पहले भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने ओलम्पिक में अनुशासनहीनता दिखाने के आरोप में निलंबित कर दिया था। हालांकि हाल में अध्यक्ष ने विनेश को माफ़ी देकर उन्हें ट्रायल में उतरने का मौका दिया लेकिन एक राउंड के बाद दूसरे राउंड से पहले विनेश ने मेडिकल दे दिया और मुकाबले से हट गयीं। विनेश के हट जाने के बाद इस 55 किग्रा वर्ग में पिंकी ने विश्व चैंपियनशिप के लिए चलीफाई कर लिया।

चयन ट्रायल में पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के गौरव बालियान ने 79 किलो भार में अर्जुन अवॉर्डी नरसिंह यादव को 15-6 के अंतर से हराकर भारतीय कुश्ती टीम में जगह बनायीं। 57 किग्रा में शुभम, 61 में रविंदर, 65 में रोहित, 70 में सुदशील, 74 में यश, 79 में गौरव बालियान,86 में संदीप सिंह, 97 में सत्यव्रत कादयान और 125 किग्रा में अनिरुद्ध ने विश्व चैंपियनशिप के लिए चलीफाई किया।

ग्रीको रोमन में 55 किग्रा में संदीप, 60 में ज्ञानेंद्र, 67 में गौरव दुहान, 77 में साजन, 87 में सुनील कुमार, 97 में रवि,और 130 किग्रा में नवीन कुमार ने टीम में जगह बनायी।

महिलाओं के वर्ग में हन्नी कुमारी ने 55 , पूजा जाट ने 53, पिंकी ने 55, अंशु ने 57, सरिता ने 59, संगीता ने 62, भतेरी ने 65 , ऋतु मलिक ने 68 और दिव्या काकरान ने 72 किग्रा के लिए विश्व चैंपियनशिप की टीम में जगह बनायी।

कुश्ती संघ के अनुसार चार वजन वर्गों में सिर्फ एक पहलवान मौजूद था इसलिए चयन समिति ने इन वजन वर्गों के ट्रायल अगले सप्ताह कराने का फैसला किया है। इन वजन वर्गों में ग्रीको रोमन के 63 और 82 किग्रा, पुरुष फ्रीस्टाइल के 92 किग्रा और महिलाओं में 76 किग्रा शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *