Friday, October 16, 2026
UTTAR PRADESH

मुलायम सिंह पहुंचे सपा मुख्यालय, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

लखनऊ ।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव लंबी बीमारी के बाद आज काफी दिनों में वह सक्रिय दिखे। जनवादी जन क्रांति यात्रा के समापन के मौके पर वह अचानक सपा कार्यालय पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने होने वाले विधानासभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।

उन्होंने कहा कि सपा ही सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ सकती है और सभी को अधिकार दिला सकती है। मुलायम के यूं अचानक पार्टी कार्यालय आने से अखिलेश यादव के चेहरे पर नई चमक दिखाई देने लगी।

मुलायम सिंह ने कहा कि सपा की सरकार बनाकर इस क्रांति यात्रा का मकसद पूरा करें। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में अलग-अलग यात्राएं चल रही हैं। एक यात्रा का समापन सैफई में हो चुका है और आज जन क्रांति पार्टी की यात्रा का समापन हो रहा है।

जनक्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय चौहान और उनके साथियों की मेहनत साकार होगी। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से जनता त्रस्त है। किसानों की कर्जमाफी का वादा पूरा नहीं किया। सिलेंडर महंगा हो गया है। डीजल, पेट्रोल महंगा हो गया है।

लम्बे समय बाद कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे मुलायम सिंह यादव बिल्कुल अपने पुराने रंग में दिख रहे थे। सफेद कुर्ता-धोती और सिर पर लाल टोपी, कार्यकर्ताओं ने वर्षों बाद अपने नेता को इस तरह देखा तो उत्साह से भर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *