Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

नगर निगम कर्मचारी बनकर बुजुर्ग महिला से लूट, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून

रायपुर थाना क्षेत्र में नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दो शातिर आरोपियों को दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल फोन और ₹3,000 नकद समेत पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुसे, महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और सोने के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल फोन तथा ₹3,000 नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 20 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीक्यूआई जंगल, रायपुर से दोनों आरोपियों सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं। मुख्य आरोपी सागर पीड़िता के मोहल्ले में ही रहता था और उसे पता था कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी लूटे गए सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ऑपरेशन में थाना रायपुर के थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *