विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने किया धरना-प्रदर्शन
विकासनगर।
विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने यमुना घाटी की सभी जल विद्युत परियोजनाओं के कार्यालय पर चौदह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मोर्चा के अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार तथा ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मोर्चा ने 21 सितंबर से टूल डाउन पैन डाउन व छह अक्टूबर को सुबह आठ बजे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का मांगों को लेकर पिछले 31 अगस्त से वायदा निभाओ आंदोलन को चरणबद्ध ढंग से जारी है। मोर्चा ने मंगलवार को छिबरो, खोदरी, ढकरानी, ढालीपुर, कुल्हाल की पांचों पावर हाउस, ऊर्जा भवन डाकपत्थर, व्यासी बांध परियोजना के कार्यालय पर एकत्रित होकर प्रदर्शन कर धरना दिया। मोर्चा ने आरोप लगाया कि ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत ने 27 जुलाई को मोर्चा की चौदह सूत्रीय मांगों को एक माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन देकर स्थगित करवाया था। लेकिन आज डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद ऊर्जा मंत्री व प्रदेश सरकार अपने वायदे को पूरा नहीं कर पाई। इसके चलते मोर्चा आंदोलन के लिए मजबूर हुआ है। मोर्चा ने ऐलान किया है कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। पांच अक्टूबर तक मांगें पूरी नहीं होती हैं तो छह अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जायेगी। जिसे तब तक समाप्त नहीं किया जायेगा। जब तक सरकार पूरा नहीं करती। प्रदर्शनकारियों में सौरभ पांडेय, आनंद कुमार, रंजन कुमार, अरविंद चौरसिया, याकूब, राजवीर सिंह, भानु प्रकाश जोशी, संजय राणा, सुशील टटा, जॉनी गुलेरिया, पंकज रावत, संदीप कुमार, रवि, दीपेंद्र सिंह चौहान, संजय सत्संगी, विवेक ग्रोवर, पीयूष कुमार, मनीषा कौंसवाल, विकास पुंडीर, जितेंद्र कश्यप, विशाल गुप्ता, यतिन धीमान, विनीत सैनी, माया तोमर, रिंकी तोमर, नीतू, मनोज कुमार, स्वतंत्र कुमार, भूपेंद्र फर्त्याल, बृजेश यादव, रूपेश कुमार, राजेश कुमार, बृज मोहन तिवारी, उदत्यंत चौहान, अविनाश चौहान, राजेश तिवारी, पुनीत कुमार आदि शामिल रहे।
