Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, जम्मू में ड्रोन के जरिए गिराई गई हथियारों की खेप बरामद

जम्मू।

जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां पुलिस ने हथियारों की एक खेप बरामद की है। ऐसा माना जा रहा है कि पाकिस्तान के एक ड्रोन से हथियारों की यह खेप गिराई गई। अफसरों ने रविवार को बताया कि ड्रोन से गिराए गए पैकेट में एक एके असॉल्ट राइफल, तीन मैगजीन, 30 गोलियां और एक टेलीस्कोप मिला है। अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब छह किलोमीटर दूर फलैन मंडल के सौंजना गांव से की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, इस दौरान तार से बंधा एक पीला पैकेट और पेलोड ले जाने के लिए एक लकड़ी का आधार मिला, जिससे हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जिसमें उन्हें तार से बंधा एक पीला पैकेट मिला जिससे हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और जिन्होंने इस खेप को लेना था उनकी तलाश की जा रही है।
पिछले एक साल से पाकिस्तान की तरफ से की जा रही ड्रोन गतिविधियों में काफी वृद्धि हुई है, जो कि सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। सुरक्षाबलों ने पिछले एक साल से दो ड्रोन पकड़े हैं और बड़ी मात्रा में कई हथियार भी बरामद किए हैं। इस साल जम्मू के भारतीय वायु सेना स्टेशन पर हुए ड्रोन हमले की वजह से सीमा पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *