Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

भाजपा का सेवा संकल्प अभियान 16 सितंबर से, हर बूथ तक पहुंचेगा सेवा का संदेश

 भाजपा के सेवा समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने अभियान को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। अभियान को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि 16 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर अभियान का शुभारंभ होगा। इस दौरान रक्तदान, स्वच्छता अभियान और हवन-यज्ञ समेत जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दिया—जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए 14 और 15 सितंबर को दीप वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान में ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के माध्यम से बच्चों और युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा। ‘नमो सेवा गाथा’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा, जबकि ‘कहानी बदलाव की’ के जरिए सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान, स्वच्छता, जरूरतमंदों की सहायता, रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जिला और मंडल स्तर तक सीमित न रखकर प्रत्येक बूथ तक ले जाया जाएगा। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, मेयर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री बिट्टू कर्नाटक, महामंत्री प्रकाश भट्ट, कैलाश गुरुरानी, मनीष जोशी, बिपिन भट्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *