Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

15वें दिन भी जारी रहा रजिस्ट्रार कानूनगो संघ का धरना

पिथौरागढ़।

विभिन्न मांगों को लेकर रजिस्ट्रार कानूनगो संघ की कलमबंद हड़ताल 15वें दिन भी जारी रही। कर्मियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। कहा इतने दिन से वे धरने में बैठे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। कहा जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी वे पीछे नहीं हटेंगे।
सोमवार को रजिस्ट्रार कानूनगो संघ के सचिव हरीश गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में कर्मी कलक्ट्रेट स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और बाद में धरने में बैठ गए। सचिव गोस्वामी ने कहा सालों से सरकार उनकी अनदेखी करती आई है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मियों ने सरकार से नायब तहसीलदार एवं सहायक भू लेख अधिकारी के पदों पर प्रोन्नति का न्याय संगत कोटा निर्धारित करने, रजिस्ट्रार कानूनगो पदों का पुनर्गठन, कंप्यूटर प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति, तहसील अभिलेखागार के लिए अनुसेवक की तैनाती करने, कोविड ड्यूटी के लिए रजिस्ट्रार कानूनगो को भी प्रोत्साहन राशि जारी करने की मांग की है। यहां सुरेश गिरी, गिरिजाशंकर जोशी, रविंद्र जोशी, हरीश चंद्र भट्ट, मनोज कुमार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *