छात्राओं को कराया गया शैक्षणिक भ्रमण
लखनऊ |
विश्व दर्शन दिवस के मौके पर नवयुग कन्या महाविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग की छात्राओं को भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद गोमती नगर, लखनऊ के अकादमिक केन्द्र में स्थित पुस्तकालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। शैक्षणिक भ्रमण में शामिल 50 छात्राओं का नेतृत्व विभागाध्यक्ष डॉ मेजर मनमीत कौर सोढ़ी व प्रवक्ता प्रियंका त्रिपाठी के किया। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान हेमेंद्र भारद्वाज, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष ने छात्राओं को बताया कि इस पुस्तकालय में दर्शन शास्त्र विषय में एशिया की सर्वोत्तम पुस्तकों का संकलन है। यहां लगभग 40,000 से ज्यादा पुस्तकें तथा 80 से अधिक शोध पत्रिकाएं ज्ञान वर्धन के लिए उपलब्ध है। छात्राओं को भ्रमण करवाने का उद्देश्य दर्शन शास्त्र विषय में हो रहे नवीन शोध से अवगत कराना तथा विषय में छात्राओं की रूचि बढ़ाना था। इस अवसर पर भारतीय एवं पाश्चात्य दर्शन-एक परिचयात्मक दृष्टि विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा में प्रो एस पी पांडे, पूर्व अध्यक्ष दर्शन एवं धर्म विभाग, बीएचयू वाराणसी ने विस्तृत चर्चा की तथा परिषद के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद्र सिन्हा, सदस्य सचिव प्रो. सच्चिदानंद मिश्र, निदेशका डॉ पूजा व्यास तथा वरिष्ठ सलाहकार डॉ जयशंकर सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये। मेजर डॉ. मनमीत कौर सोढ़ी ने बताया कि नवंबर माह के तीसरे गुरुवार को यूनेस्को द्वारा विश्व दर्शन दिवस के रूप में घोषित किया गया है। इस दिवस के आयोजन का उद्देश्य दार्शनिक विरासत को साझा करने के लिए सभी को प्रेरित करना अर्थात अकादमिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना तथा बुद्धिजीवी एवं सभ्य समाज को वैश्विक मुद्दों के समाधान में दार्शनिक ज्ञान के योगदान एवं सामाजिक चुनौतियों से लडऩे के लिए विचार विमर्श को प्रेरित करना है।
