डीएम ने गोवंश को ठण्ड से सुरक्षित रखने के लिए सख्त निद्वेश
अलीगढ़।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने बुधवार को गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर शासकीय अवकाश के बावजूद भी निराश्रित गोवंश के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए गौशालाओं का निरीक्षण किया।उन्होंने कहा कि गौ सेवा से बड़ा और कोई पुण्य नहीं होता। उन्होंने उपजिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, बीडीओ एवं गौ संचालकों को निर्देशित किया कि वह गौशालाओं में जीवन-यापन कर रहे गौवंशों के खाने-पीने एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम नगर निगम द्वारा संचालित बरौला जफराबाद बाईपास स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। गौ संरक्षण केंद्र में 227 गोवंश पाए गए।गौशाला की स्थिति बेहतर एवं संतोषजनक मिली। अभिलेखों के लिए सभी रजिस्टर व्यवस्थित पाए गए। गौशाला में हरे चारे, भूसा, पानी, चोकर, दाना की समुचित व्यवस्था पाई गई। खेरेश्वर गौशाला वाजिदपुर नादा विकासखंड लोधा में 340 गोवंश पंजीकृत पाए गए। शीतलहर एवं ठंडी से बचने के लिए भी व्यापक इंतजाम देखने को मिले। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वह चिकित्सकों का रोस्टर तैयार कर दायित्व सौंपें कि चक्रानुक्रम में प्रत्येक गौ संरक्षण केंद्र के गौवंशों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। उन्होंने सभी को गौवंशों की ईयर टैगिंग एवं टीकाकरण करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के माध्यम से जनपद के समस्त एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों एवं गौ संचालकों को निर्देशित किया है।
