जिलाधिकारी ने किया तहसील कोल वीआरसी का निरीक्षण
अलीगढ़।
जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने कोल विधानसभा के लिए तहसील कोल में चल रहे वीआरसी का कार्य देखा। निरीक्षण के दौरान वीआरसी केंद्र ऑपरेटर ऑनलाइन फीडिंग का कार्य करते हुए पाए गए।
उप जिला अधिकारी कोल संजीव ओझा ने बताया कि जो भी दावे आपत्तियां प्राप्त हो रही हैं, उन्हें लिखित रूप में वीआरसी को सौंपा जा रहा है। वीआरसी दावे आपत्तियां प्राप्त कर निरंतर फीडिंग का कार्य कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने एसडीएम संजीव ओझा को निर्देश दिए कि प्रत्येक वीआरसी ऑपरेटर की कार्यशैली पर कड़ी निगाह रखी जाए और ध्यान रखा जाए कि दावे आपत्तियों की फीडिंग का कार्य पूर्ण पारदर्शिता ईमानदारी के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन संपन्न कराने के लिए मतदाता सूची का त्रुटिविहीन होना अत्यंत आवश्यक है। मतदाता सूची जितनी स्वच्छ, साफ-सुथरी और पारदर्शिता पूर्ण होगी, मतदान उतना ही स्वतंत्र निष्पक्ष एवं पारदर्शिता पूर्ण होगा। बीएलओ के साथ ही वीआरसी ऑपरेटर का भी मतदाता सूची में को तैयार करने में विशेष योगदान होता है। सभी बीआरसी ऑपरेटर पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और लगन के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
