Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और फर्स्ट लेडी गुरमीत कौर ने शनिवार को राजभवन में कोविड-19 टीके की प्रिकॉशन डोज लगवाई।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कोविड काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी से वेरीफायर सुशील बिजलवान को कोविन पोर्टल के उत्कृष्ट संचालन के लिए, पीएचसी रायपुर में कोविन पोर्टल के उत्कृष्ट संचालन के लिए वेरीफायर अनुराग उनियाल, डोईवाला पीएचसी के वैक्सीन परिवहन दल से प्यार सिंह और विकासनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से कोविड-19 सेंपलिंग एवं वैक्सीनेशन हेतु आलम इफ्तिखार को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने अपील की है कि समस्त प्रदेशवासी वैक्सीनेशन अवश्य करवाएं। हमें सभी लोगों को इस संबंध में जागरूक करना है। हमें ध्यान रखना है कि कोई भी व्यक्ति बिना टीकाकरण के ना रहे। वैक्सीनेशन ही वह रक्षा कवच है जो हमें इस अदृश्य शत्रु से बचाएगा। उन्होंने कहा कि हेल्थ वॉरियर्स महामारी कोविड-19 के विरुद्ध युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में प्रत्येक हेल्थ वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर, पुलिसकर्मी, मीडिया कर्मी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि उत्तराखंड में 16 जनवरी 2021 से कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रोग्राम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु की शत प्रतिशत आबादी को कोविड-19 वैक्सीनेशन की पहली डोज 17 अक्टूबर 2021 को प्राप्त हो चुकी है। राज्य में प्रत्येक दिन 800 से 1000 वैक्सीनेशन सेशन संचालित किए जा रहे हैं। राज्य में अभी तक कुल 15298825 डोज दी जा चुकी हैं। राज्य में 15 वर्ष से अधिक आयु की आबादी को 8378751( 98.07 फीसद) पहली डोज दी जा चुकी है। राज्य में 15 वर्ष से अधिक आयु की आबादी को 6796276 (81.1 फीसद) दूसरी डोज दी जा चुकी है। राज्य में हेल्थ केयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 123798 (22.50 फीसद) प्रिकॉशन डोज दी जा चुकी है। राज्य में 15 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों को 370174 (58.9 फीसद) पहली डोज दी जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *