Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTAR PRADESH

विधान परिषद चुनाव को लेकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक

महराजगंज

मुख्य विकास अधिकारी  गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में  विधान परिषद गोरखपुर-महाराजगंज स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव सकुशल संपन्न कराने हेतु जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक और पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विधान परिषद चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया व चुनाव संदर्भ में उनके दायित्वों से आयोजित अवगत कराते हुए उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में विधान परिषद चुनाव हेतु निर्धारित बूथों पर चुनाव की अधिसूचना, प्रत्याशियों की सूची और मतदान हेतु निर्धारित प्रक्रिया से संबंधित जानकारी को अवश्य चस्पा कराएं। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को कानून व्यवस्था मतदान के दौरान सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों व थाने से समन्वय बनाने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 200 मीटर के दायरे में सिर्फ पात्र व्यक्ति ही प्रवेश हेतु अनुमन्य होंगे,  बूथ के अंदर किसी को शस्त्र या मोबाइल फ़ोन किसी दशा में ले जाने की इजाजत नहीं होगी और इसको सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट कठोरता से सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि मतदान से जुड़े सभी लोग बूथ को अपराह्न 4:00 बजे से पूर्व किसी दशा में नहीं छोड़ेंगे।
इससे पूर्व जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी और परियोजना निदेशक राजकरन पाल द्वारा चुनाव से संबंधित सभी बिंदुओं से अवगत कराया गया।
इसके पश्चात दोपहर 12:00 बजे से मतदान हेतु नियुक्त पीठासीन अधिकारियों व अन्य मतदानकार्मिकों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सभी मतदानकार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही वोट डालने की अनुमति दें। उन्होंने कहा कि अशिक्षित/अक्षम मतदाताओं को नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सहायक लेने की अनुमति दें। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टी अपराह्न 4:00 बजे से पूर्व मतदान केंद्र को नहीं छोड़ेंगी।
इस दौरान सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारी व अन्य मतदानकार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *