Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

किसान आंदोलन फिर तेज होगा

कुरुक्षेत्र

भारतीय किसान यूनियन ने तीन कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन को तेज करने के लिए कमर कस ली है। इसके लिए अब दलितों को भी आंदोलन के साथ जोड़ने की तैयारियां चल रहीं हैं। इसी योजना पर काम करते हुए भाकियू ने तीन अप्रैल को शाहाबाद के उधम सिंह स्मारक परिसर में दलित व किसान महापंचायत बुलाई है।
इस महापंचायत में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बुलाने के लिए गांवों में प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। किसान नेता गांवों में पहुंच किसानों के साथ-साथ दलितों के पास पहुंचकर उन्हें भी महापंचायत के लिए न्यौता दे रहे हैं। इस महापंचायत में भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी और अखिल भारतीय परिसंघ के अध्यक्ष डॉ. उदित राज तीन कृषि कानूनों के विरोध में चलाए जा रहे आंदोलन को तेज करने के लिए ड्यूटियां लगा सकते हैं।
तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान पिछले चार माह से भी अधिक समय से आंदोलनरत है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आंदोलन को लगातार जारी रखने के लिए अलग-अलग योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसके लिए जिला मुख्यालयों से ब्लॉक स्तर तक प्रदर्शन, सभी टोल फ्री करना और समाज के सभी वर्गों से समर्थन के लिए कई तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन ने तीन अप्रैल को शाहाबाद में दलित व किसान महापंचायत बुलाई है। इस बैठक में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी और भारतीय परिसंघ के अध्यक्ष डॉ. उदित राज पहुंच रहे हैं। इस महापंचायत की सफलता के लिए ग्रामीणों को न्यौता दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *