खनन से सिंध, पार्वती की धार हुई पतली
ग्वालियर,
भिंड जिले के लहार की रेत खदानों से सिंध नदी की धार पतली हो गई हे। ऐसा ही हाल श्योपुर के बड़ौदा में पार्वती नदी का है। दोनों जगह खनन बदस्तूर जारी है। भिंड में माइनिंग के ओआईसी एडीएम प्रवीश फूलपगारे कहते हैं कि खनन पर 30 जून से मानसून सीजन तक रोक लगेगी। लहार की पर्राइचा, अजनार, नयागांव, अतरसूमा सहित कई जगह खनिज माफिया खनन कर रहा है। इसे रोकने का साहस न जिला प्रशसन के पास है और न माइनिंग विभाग के पास। चूंकि जल्द खनन पर रेाक लग जाएगी। इसलिए माफिया रेत का भंडारण कर रहा है। पार्वती में भी ऐसा ही नजारा : श्योपुर जिले के बड़ौदा में पार्वती नदी में भी खनन माफिया नदी का सीना छलनी करने में लगा है। वहां भी नदी की धारा कई जगह से टूट रही है। तो कई जगह पतली हो गई है। चंबल में छाई रेत : चंबल में नदी ने जब अपना रास्ता कम किया तो ऊदीघाट से लेकर नदी में बने रेलवे के इटावा पुल तक रेत छा गई है। स्थानीय लोगों का कहना हे कि माफिया की नजर इस पर टिकी है। चंबल का क्षेत्र चंबल सेंचुरी के अन्तर्गत आता है।
