पांच साल से निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाये
काशीपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेजकर पांच साल से निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की। सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष योगेश विश्नोई के नेतृत्व में व्यापारियों ने सड़क एवं परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा। कहा कि महाराणा प्रताप चौक पर पिछले पांच साल से बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण अत्यंत धीमी गति से हो रहा है । जिससे व्यापारियों के व्यापार चौपट हो गये हैं। कई व्यापारी अपना व्यापार बंद कर चुके हैं। जो व्यापारी ओवरब्रिज के आसपास व्यापार कर रहे हैं वह भी धूल मिट्टी से परेशान हैं। कहा कि निर्माणदाई संस्था ने प्रशासन को 30 जून तक सर्विस रोड और रेलवे हिस्से को छोड़कर आरओबी निर्माण पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया था। उसके बावजूद निर्माण पूरा नही हो पाया है। व्यापारियों ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस मौके पर सनत पैगिया, ओमप्रकाश, राजकुमार यादव, पुनीत कपूर, मोहन जोशी, केवल कृष्ण छाबड़ा, रजत कुमार, हरीश अरोरा, प्रीत कुमार आदि मौजूद रहे।
