नशे के खिलाफ जागरूकता को कार्यशाला आयोजित
विकासनगर। नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान के तहत ग्राम ढकरानी में जनसंघर्ष मोर्चा की ओर से कार्यशाला आयोजित की गयी। कार्यशाला में युवाओं, अभिभावकों, महिलाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गयी। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जिस तेजी से युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं तथा नित नए-नए नशे का सेवन कर रहे हैं। उससे निश्चित तौर पर परिवार व समाज को खोखला किया जा रहा है। शुरुआती दौर में दो चार युवाओं ने इसका सेवन किया तथा देखा-देखी कई युवा इसकी गिरफ्त में आ गये। अब स्थिति यह है कि एक दूसरे का अनुसरण कर इस व्यापार में महिलाएं तक शामिल हो गई। नेगी ने कहा कि नशे के कारोबारियों ने नशा एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने के लिए छोटे बच्चों को भी थोड़ा बहुत लालच देकर अपने वश में कर लिया है। नशे के कारोबारियों खिलाफ भी सबको मिलकर मुहिम चलानी होगी। मोर्चा नेता दिलबाग सिंह व बीडीसी सदस्य इश्तियाक अली ने कहा कि लोगों को जागरूक करना होगा। इस मौके पर मोहम्मद अली, गफूर अहमद, इमाम रहमान अली, हाफिज जमील, इमरान ,शब्बीर अहमद, समीना, मुर्शीदा, मेहराज, प्रवीण, इस्लाम, शकील, मंजूरा अयूब, समून, सरवर, इरशाद, अनवर, सलमान, नदीम, मुकर्रम आदि थे ।
