धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस
नई टिहरी
डा. भीमराव आंबेडकर अनुसूचित-जाति-जनजाति छात्रावास एवं जन कल्याण समिति ने अपना सातवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर टीएचडीसी ने छात्रों की सुविधाओं के लिए सामग्री भी वितरित की। बौराड़ी के ढुंगीधार में आयोजित छात्रावास में आयोजित स्थापना दिवस का टीएचडीसी के अपर महाप्रबंधक डा. एएन त्रिपाठी और जाखणीधार की ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने शुभारंभ किया। टीएचडीसी एजीएम त्रिपाठी ने छात्रावास के लिए प्रेशर कुकर, पतीले, फिल्टर, डस्टबिन आदि सामग्री भेंट की। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी ने अपने सामाजिक दायित्व मद से छात्रावास का निर्माण करके दिया था। जिसका सफलता के साथ संचालन हो रहा है। ब्लॉक प्रमुख सुनीता ने कहा कि समिति अपने संसाधनों से छात्रों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवा रही है। ऐसे में छात्रों को कड़ी मेहनत कर जीवन के लक्ष्य को हासिल करना चाहिए। छात्रावास समिति के अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने बताया कि जन सहयोग से छात्रावास संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में यहां पर 42 छात्र रहकर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने टीएचडीसी से और सहयोग की अपेक्षा की। इस अवसर पर टीएचडीसी के प्रबंधक जनसंपर्क मनवीर नेगी, उप प्रबंधक दीपक उनियाल, छात्रावास के प्रबंधक पुरूषोत्तम लाल, भीम लाल मेहरा, राम लाल मेहरा, सरोजनी देवी, लक्ष्मी देवी, असाड़ी देवी, दीपक शाह, जीतेंद्र लाल, नत्थी लाल रोशन लाल शाह, बीएल राज, दिनेश लाल आदि उपस्थित थे।
