UTTARAKHAND

दिव्यांगों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा: पंत

 

रुद्रपुर। सम दृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल का ऊधमसिंह नगर में जनपद स्तरीय अधिवेशन 6 दिसंबर को नगर निगम सभागार में संपन्न होगा। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सिटी क्लब में एक बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के साथ ही सक्षम के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर और विधायक शिव अरोरा मौजूद रहेंगे। रविवार को बैठक के दौरान अनुसंधान मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष ललित पंत ने कहा कि सक्षम दिव्यांगों को समर्पित राष्ट्रीय संगठन है। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक अनुषांगिक संगठन भी। अधिवेशन के दौरान रैली का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें दिव्यांगजन समेत उनके परिजन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, शिशु मंदिर, राष्ट्रीय सैनिक संगठन समेत तमाम स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोग सम्मिलित होंगे। इससे दिव्यांगों के प्रति समाज के नजरिए में परिवर्तन आएगा और दिव्यांगों की समस्याओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार और सामाजिक संस्थाएं मिलजुल कर आगे आने के लिए प्रेरित होंगी। यहां सूबेदार मेजर(सेनि.) खड़क सिंह कार्की, संरक्षक डॉ. ललित मोहन उप्रेती, प्रांतीय सह सचिव गोविंद गुणवंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष पृथ्वीपाल सिंह रावत समेत पैरालंपिक खिलाड़ी रेखा मेहता, सारथी दिव्यांग वेलफेयर सोसाइटी से गीतिका तोमर, प्राणदा प्रकोष्ठ से मोना गुलाटी, सक्षम दिव्यांग विद्यालय सेवा केंद्र के संजय सिंह, सक्षम डॉक्टर जयंत जोशी, संध्या सक्सेना, सिमरन कौर, उमेश गंभीर, हयात सिंह मेहता, जीवन सिंह राणा, रतन सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *