दो से अधिक बच्चे वालों को नहीं मिलना चाहिये मतदान का अधिकारःसाध्वी प्राची
रुद्रपुर। विश्व हिन्दू परिषद दुर्गा वाहिनी की केन्द्रीय समिति सदस्य साध्वी प्राची ने कहा कि हिन्दू अपनी बेटियों को नृत्यांगना नहीं बल्कि वीरांगना बनायें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसा कानून लाये कि दो बच्चे वाला व्यक्ति ही मतदान कर सके उससे अधिक बच्चे वाले व्यक्ति से मतदान का अधिकार छीन लेना चाहिये।
शनिवार को साध्वी प्राची नगर के वार्ड नं.1 मौ. मझराप्रभु में अखिल भारत वर्षीय युवा यादव महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रेम यादव के आवास पर पत्रकारों से रूबरू हो रही थी। उन्होंने देवभूमि में उत्तराखण्ड धर्म स्वतंत्रता (संशोधन) विधेयक 2022 एवं महिलाओं के क्षैतिज आरक्षण विधेयक 2022 पारित किये जाने पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है। यहां पर धर्मान्तरण जैसी चीजें बहुत घातक हैं इसलिए राज्य की धामी सरकार ने प्रदेश में धर्मान्तरण पर रोक के लिए कठोर कानून बनाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। इससे राष्ट्र व समाज विरोधी ताकतों पर प्रतिबंध लगेगा। साध्वी प्राची ने सरकार से माँग की कि देश में जल्द से जल्द जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू किया जाना चाहिए। जिस प्रकार दो से अधिक बच्चों वाले चुनाव नहीं लड़ सकते, उसी प्रकार दो से अधिक बच्चों वालों को वोट डालने से भी रोका जाना चाहिए। साथ ही अन्य सुविधाओं से भी वंचित किया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों व धर्म के ठेकेदारों से बच्चों को संस्कारों की शिक्षा देने का भी आह्वान किया, ताकि भविष्य में किसी भी बेटी के 35 टुकड़े न हो सकें। इस दौरान अखिल भारत वर्षीय युवा यादव महासभा के प्रदेशाध्यक्ष प्रेम यादव ने सपरिवार साध्वी प्राची का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
