Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

महासू देवता का डोरिया समाल्टा मंदिर पहुंचा

विकासनगर। खाटवा थान से महासू देवता का डोरिया शनिवार को समाल्टा पहुंचा। जहां रात्रि विश्राम के बाद रविवार को देव डोरिया धर्मावाला के लिए प्रस्थान करेगा, जहां स्थानीय व्यक्ति के घर पर एक रात्रि का प्रवास होगा। शनिवार को खाटुवा थान से देव डोरिया क्वांसी, डुंगियारा, रावना, पुरोड़ी, माख्टी होते हुए चालदा महासू महाराज के दरबार समाल्टा पहुंचे। समाल्टा प्रवास के लिए निकले देव डोरिया के दर्शनों के जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने देव डोरिया पर पुष्प वर्षा कर पुण्य लाभ कमाया। देवता के ठाणी चंदर सिंह राणा ने बताया कि धर्मावाला निवासी गोपाल छेत्री ने अपनी मन्नत पूरी होने पर एक दिन के प्रवास के लिए देवता को अपने घर आमंत्रित किया है। रविवार को देव डोरिया साहिया, कालसी, हरिपुर, बाड़वाला, अंबाड़ी, जीवनगढ़, विकासनगर, हरबर्टपुर होते हुए धर्मावाला पहुंचेगा, जहां करीब पंद्रह सौ श्रद्धालु देवता के दर्शन करेंगे। देव डोरिया लेकर आ रहे सभी कारिंदे नंगे पांव पदयात्रा कर रहे हैं। पदयात्रा करने वालों में खाटवा थान के वजीर राजेंद्र सिंह राणा, केशर सिंह, डोगरू, विरेंद्र सिंह, प्रदीप, राजेंद्र खत्री, गणेश खत्री आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *