Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

पछुवादून, जौनसार बावर में मौसम का अलग-अलग रंग, कहीं धूप कहीं ठंड  

विकासनगर। पछुवादून, जौनसार बावर में इन दिनों मौसम अलग अलग रंग दिखा रहा है। चकराता में जहां ठंड बढ़ चुकी है, वहीं पछुवादून के मैदानी क्षेत्रों में अभी दिन काफी गर्म है। हालांकि सुबह-शाम काफी सर्दी है। शनिवार को चकराता और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही सूर्यदेव की लुका छुपी का खेल चलता रहा। कुछ देर के अंतराल में आसमान में बादल उमड़ते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में ठिुठुरन बढ़ गई है। धूप निकलते ही लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर गुनगुनी धूप का आनंद लेने निकल जाते, लेकिन सूर्यदेव के बादलों की आड़ में आते ही अचानक ठंड बढ़ जाती, जिससे लोग घरों के अंदर दुबकने लग गए। ठंड के कारण बाजार में भी दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। सूखी ठंड में लोगों के बीमार होने का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार, विक्रम सिंह, दीवान सिंह, रतन सिंह, रविंद्र सिंह, अरविंद ने बताया कि बीते वर्ष दिसंबर माह की शुरुआत में बारिश शुरू हो गई थी, जिससे सूखी ठंड से निजात मिल गई थी। वहीं दूसरी ओर पछुवादून में अभी भी तापमान में काफी अंतर है। सुबह, शाम ठिठुरन बढ़ चुकी है, लेकिन दोपहर अभी भी काफी गर्म है। सुबह दस बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक धूप काफी तेज है, जिससे लोग इस दौरान धूप में बैठने से अभी भी परहेज कर रहे हैं। हालांकि शाम चार बजे से काफी ठंड होने लग जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *