Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

दस साल से नहीं की गई अंबाड़ी-डाकपत्थर मार्ग की मरम्मत

विकासनगर। अंबाड़ी को डाकपत्थर से जोड़ने वाला मार्ग एक दशक से खस्ताहाल है। करीब तीन किमी लंबे इस मार्ग की पेंटिंग उखड़ी हुई है। पूरे मार्ग पर मिट्टी फैली होने के कारण यहां हर कीचड़ भी फैला रहता है। जल विद्युत निगम के अधीन आने वाले इस मार्ग की मरम्मत की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन जल विद्युत निगम बजट की कमी का हवाला देकर मार्ग की मरम्मत करने में असमर्थता जता रहा है। अंबाड़ी-डाकपत्थर मार्ग से ही कालसी की ओर से आने वाले सभी यात्री वाहन डाकपत्थर तक जाते हैं। इसके साथ ही अंबाड़ी के ग्रामीण रोजमर्रा का सामान लेने के लिए इसी मार्ग से होकर बाजार तक पहुंचते हैं। जबकि डाकपत्थर पीजी कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर दिन भर यातायात का काफी दबाव रहता है। क्षेत्रवासी जाकिर अली, मदन रावत, राजेंद्र सिंह, विनय कुमार, रोहित वर्मा, विशाल का कहना है मार्ग की जर्जर हालत होने से कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। अक्सर शिक्षण संस्थानों को जाने वाले छात्र-छात्राएं चोटिल होते रहते हैं। मार्ग किनारे घनी आवासीय बस्ती है। लोगों के घरों से आने वाला पानी मार्ग पर गिरता है, जिससे हर दिन यहां कीचड़ फैला रहता है। कीचड़ के कारण राहगीरों को भी चलने में परेशानी होती है। बताया कि लगभग एक दशक से सुधारीकरण नहीं होने से दिन प्रतिदिन मार्ग की हालत खस्ताहाल होती जा रही है। ग्रामीणों ने जल्द मार्ग के सुधारीकरण की मांग की है। उधर, यूजेवीएनएल के मीडिया प्रभारी विमल डबराल ने बताया कि मार्ग सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट जारी होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *