साल के पहले दिन कई थाने कोतवाली में नहीं खुला एफआईआर का खाता
हरिद्वार। नववर्ष की पूर्व संध्या से लेकर साल का पहला दिन हरिद्वार पुलिस के लिए सुकून भरा रहा। छिटपुट विवाद को छोड़कर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। किसी-किसी थाने कोतवाली में तो पहले दिन एक भी एफआईआर तक नहीं दर्ज की गई। नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर में चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। मुख्य तिराहे चौराहों पर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दी। विशेषकर सिडकुल के पेंटागन मॉल के बाहर पुलिस का सख्त पहरा रहा। देर रात सघन चेकिंग जारी रही। इसी तरह भेल क्षेत्र में भी पुलिस पूरी तरह से सक्रियता बरत रही थी। भेल स्टेडियम मार्ग पर बैरियर लगाकर एक-एक कार को चेक करने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। इधर, शहर क्षेत्र में भी कई चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ड्यूटी में मशगूल रही। नववर्ष की पूर्व संध्या पर किसी तरह का कोई बवाल विवाद सामने नहीं आया। इसी तरह नए साल के पहले दिन भी शहर में कोई अप्रिय घटना नहीं घटित हुई। छोटे-छोटे विवाद कोतवाली जरूर पहुंचे, लेकिन उनका निपटारा होता रहा। शहर के कई थाने कोतवाली में तो साल की पहली एफआईआर का खाता भी नहीं खुला। नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई। शांतिपूर्ण ढंग से आमजन ने नववर्ष के जश्न को मनाया।
