दहेज उत्पीड़न में पति समेत तीन पर केस
काशीपुर। दहेज में दो लाख रुपये नहीं लाने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन में काउंसलिंग के बाद आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को कुंडेश्वरी क्षेत्र के जुड़का नंबर दो निवासी सुशीला पुत्री रामदास ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। कहा उसका विवाह 10 साल पहले सचिन पुत्र गुरमुख सिंह निवासी शिवलालपुर डल्लू, कुंडेश्वरी के साथ हुआ था। उसके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि उसका पति सचिन आये दिन घर में लड़ाई झगड़ा करता हैं। शराब पीकर उससे मारपीट करता हैं। उसके सास ससुर भी दहेज को लेकर गाली-गलौच करते हैं और दहेज में दो लाख रुपये नहीं देने पर बेटे की दूसरी शादी करने की धमकी देते हैं। आरोप है 27 अक्तूबर 2022 को उसके पति सचिन, ससुर गुरमुख सिंह और सास नरेशा ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसे पता चला है कि उसके पति सचिन ने खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक अन्य महिला से दूसरी शादी कर ली हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 498(ए), 504 तथा दहेज उत्पीड़न के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
