Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

शिक्षक संगठन 27 से चरणबद्ध आंदोलन करेगा

चम्पावत। राजकीय शिक्षक संगठन 27 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन करेगा। आंदोलन की शुरुआत 27 सितंबर से काली पट्टी बांध शैक्षिक कार्य करने से होगा। ये निर्णय संगठन पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक में लिया गया। राशिसं ने ऑनलाइन बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष और मंत्री शामिल रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि बीते दिन शिक्षा मंत्री से वार्ता के बाद मांगों पर बनी सहमति में अब तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। इससे संगठन खुद को ठगा महसूस कर रहा है। संगठन पदाधिकारियों ने मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया। तय किया गया कि 27 सितंबर से सात अक्टूबर तक काली पट्टी बांध कर शैक्षणिक कार्य किया जाएगा। आठ अक्टूबर को देहरादून में सरकार जागरण रैली निकाली जाएगी। 16 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिनी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 26 अक्टूबर को कुमाऊं व गढवाल मंडल कार्यकारिणी मुख्यालय में एक दिनी धरना दिया जाएगा। जबकि 30 अक्टूबर को प्रदेश कार्यकारिणी प्रदेश मुख्यालय में एक दिनी धरना देगी। चम्पावत जिलाध्यक्ष जगदीश अधिकारी व मंत्री इंदुवर जोशी ने बताया कि इसके बाद भी मांग नहीं माने जाने पर पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *