UTTARAKHAND

लैंसडौन चौक का नाम वीर शहीद केसरी चंद रखा जाए

विकासनगर। देहरादून स्थित लैंसडौन चौक का नाम वीर शहीद केसरी चंद के नाम पर रखने की मांग की गई है। वीर शहीद केसरी चंद युवा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दून के मेयर सुनील उनियाल से मुलाकात कर यह मांग की। मेयर ने प्रतिनिधमंडल को यह प्रस्ताव बोर्ड बैठक में लाने का आश्वासन दिया है।
मेयर को सौंपे ज्ञापन में युवा समिति ने कहा कि लैंसडौन चौक ब्रिटिशकालीन समय का गुलामी का प्रतीक है। जबकि वीर शहीद केसरी चंद ने ब्रिटिश शासन की जड़ें हिलाने के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में कूदकर अपने प्राणों की आहूति दी है। ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम से लैंसडौन चौक का नाम रखकर युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। कहा कि लैंसडौन चौक को वीर शहीद केसरी चंद के नाम रखने के लिए मुख्यमंत्री पहले ही विधिवत घोषणा कर चुके हैं। लेकिन इसके लिए नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव पारित होना अनिवार्य है। कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने विधिवत नगर निगम को पत्र लिखकर प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने कहा है कि वीर शहीद केसरी चंद का योगदान अनुकरणीय रहा है। प्रतिनिधिमंडल में लोक पंचायत के सदस्य भारत सिंह चौहान, समिति के पूर्व अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान, अमित जोशी, कुंदन सिंह चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *