09 अगस्त को किसान करेंगे जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन
ऋषिकेश। अखिल भारतीय किसान सभा ने डोईवाला में इंटीग्रेटेड टाउनशिप को लेकर विरोध जताया है। इसके विरोध में नौ अगस्त को किसान सभा जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी। शनिवार को गन्ना सोसायटी डोईवाला के सभागार में अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक में प्रदेश महामंत्री गंगाधर नौटियाल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूरे देश में किसानों से भूमि का अधिग्रहण करके लगभग 5000 ऐरोसिटी, स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं क़ो धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। सरकार अधिगृहित भूमि को कॉरपोरेट घरानों के हवाले करके यहां मल्टीनेशनल कम्पनियों के जरिये कंकरीट का पहाड़ खड़ा करने की योजना बना रही है। ऐसी ही आठ योजनाओं को सरकार उत्तराखंड में लाने जा रही है, इसमें अभी दो जगहों सितारगंज और डोईवाला को चिन्हित किया गया है। लेकिन किसानों के जबरदस्त विरोध के चलते उत्तराखंड सरकार अभी बैकफुट पर है। लेकिन इस योजना को वापस लेने की कोई घोषणा सरकार नहीं कर रही और जनता को धोखा दें रही है। इसके लिए जनता को आंदोलन तेज करना चाहिए। जिला सचिव कमरुद्दीन ने कहा कि सरकार किसानों की उपजाऊ भूमि पर बड़े-बड़े भवन बनाकर किसानों और मजदूरों के विकास कि जगह उन्हें उजाड़ने कि तैयारी में है। सरकार की इसी कोरपोरेट परस्त नीति के खिलाफ नौ अगस्त को किसान प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर कारपोरेट भारत छोडो नारों के साथ प्रदर्शन करेंगे और पीएम को ज्ञापन भेजेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष दलजीत सिंह, बलबीर सिंह, याक़ूब अली, राजेंद्र पुरोहित,अनूप कुमार पाल, सरजीत सिंह, बिन्दा, नरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, अमरीक सिंह, जगजीत सिंह, किशन सिंह, बलवंत सिंह, ध्यान सिंह, सिंगाराम, जरनेल सिंहसरफुद्दीन, इंद्रजीत सिंह, संगत सिंह, जगिरी लाल, मोहन सिंह,सत्यपाल, अवतार सिंह, त्रिलोक सिंह, भविंद्र सिंह आदि रहे।
