OTHER NEWSSTATE NEWSUTTARAKHAND

राम मंदिर के लिए एक करोड़ देने वाले बाबा का टीनशेड ध्वस्त

ऋषिकेश। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट में राम मंदिर निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये दान में देकर चर्चाओं में रहे साधु स्वामी शंकर दास महाराज उर्फ टाट वाले बाबा की गुफा के बाहर टीनशेड को राजाजी पार्क प्रशासन ने तोड़ दिया है। कार्रवाई के विरोध में टाट वाले बाबा आमरण-अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने कार्रवाई को नाजायज बताया है। रविवार को पार्क की गौहरी रेंज के वन अफसर टीम के साथ नीलकंठ पैदल मार्ग पर टाट वाले बाबा की गुफा पर पहुंचे। यहां उन्होंने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए टीनशेड तोड़ना शुरू किया, तो टाट वाले बाबा ने इसका विरोध किया। मगर वनकर्मियों ने उनकी एक नहीं सुनी। कार्रवाई को जारी रखते हुए वनकर्मियों ने टीनेशड को ध्वस्त कर दिया। टाट वाले बाबा स्वामी शंकर दास महाराज ने दावा किया कि वह छह दशक से भी ज्यादा वक्त से यहां काबिज हैं। अदालत से उन्हें वनवासी का दर्जा भी हासिल है। बरसात में गुफा में पानी का रिसाव होता है, इसके चलते हर साल मानसून में वह टीनशेड में शरण लेते हैं। यहां कोई पक्का निर्माण भी नहीं किया गया है और न ही कोई अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बोले, पार्क प्रशासन जब तक उन्हें दोबारा टीनशेड बनाकर नहीं देता है, तब तक वह भूखे-प्यासे यहीं बैठे रहेंगे। बता दें कि, टाट वाले बाबा नीलकंठ धाम के लिए पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को यहां से प्रसाद आदि भी वितरित करते हैं। साल 2021 में श्रीराम मंदिर निर्माण में समर्पण निधि के तौर पर एक करोड़ रुपये का चेक देकर स्वामी शंकर दास महाराज चर्चा में आए थे। उन्हें टाट वाले बाबा का शिष्य बताया जाता है। तीर्थनगरी ऋषिकेश में वह भी टाट वाले बाबा के नाम से ही मशहूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *