डेंगू पीड़ित मरीजों हेतु किया रक्तदान शिविर आयोजित
विकासनगर। शैक्षणिक उन्नयन एवं सामाजिक विकास समिति की ओर से रविवार को डेंगू पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। एनफील्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित शिविर में आईएमए ब्लड बैंक के विशेषज्ञों की टीम ने 60 यूनिट रक्त एकत्र किया। आयोजिक समिति के अध्यक्ष अनंत सोलंकी और सचिव राम नारायण रतूड़ी ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो हर व्यक्ति को जरूरत पड़ने पर करना चाहिए। जिससे किसी भी बीमार व्यक्ति की मदद हो सके। बताया कि रक्तदान जीवन दान है, जो हमारे द्वारा किया गया। रक्तदान कई जिंदगियों को बचाता है। इस बात का अहसास हमें तब होता है, जब हमारा कोई अपना खून की कमी होने पर जिंदगी और मौत के बीच जूझता है। जिसमें गर्भवती महिलाएं, किशोरी, बालक बालिकाएं या दुर्घटना से ग्रस्त कोई भी हो सकता है। कहा कि इन दिनों पूरे प्रदेश में डेंगू का प्रकोप छाया हुआ है। डेंगू से पीड़ित मरीजों के परिजन ब्लड, प्लाज्मा, प्लेटलेट के लिए भटक रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का दायित्व बनता है कि खुद रक्तदान करने के साथ ही अपने मित्रों, रिश्तेदारों को भी प्रेरित करें। रक्तदान कोई भी स्वास्थ्य व्यक्ति जिसकी आयु 18 से 58 वर्ष के बीच हो, जिसका वजन 45 किग्रा से अधिक हो, जिसके रक्त में हिमोग्लोबिन का 12 प्रतिशत से अधिक हो, रक्तदान करने के लिए ब्लड बैंक जाकर कर सकते है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, क्षेपं सदस्य लक्ष्मण मल्ल, पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, सुधीरकांति, सुरेश नौटियाल, शीशपाल, प्रवीन वर्मा, राजू बिंजोला, सुमन मोहन ममगाईं, संजय प्रजापति, डा. नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।
