समिति ने शिक्षकों को सम्मानित किया
ऋषिकेश। गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें ऋषिकेश के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सोमवार को गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति ढालवाला ने ऋषिकेश के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया। हरिद्वार मार्ग स्थित पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कॉलेज में समिति ने प्रधानाचार्य ललित किशोर शर्मा व शिक्षक पंकज शर्मा को सम्मानित किया। समिति अध्यक्ष आसाराम व्यास ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं। शिक्षक शिष्यों के उन्नत जीवन का मार्गदर्शक होता है। संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह समाज और शिक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले गुरुओं के सम्मान का भी पर्व माना जाता है। इस दौरान नेपाली संस्कृत महाविद्यालय में प्रचार्य डॉ. ओमप्रकाश पुर्वाल को सम्मानित किया गया। मौके पर सुभाष डोभाल, मनोज दिवेदी, चंद्र किशोर मुकेश बहुगुणा, मनोज, मदन लाल आदि उपस्थित रहे।
