पौड़ी में जन्माष्टमी पर गजेंद्र राणा के गीत गूंजे
पौड़ी। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पुलिस लाइन पौड़ी में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस परिजनों, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं एवं कीर्तन मंडली द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, रंगारंग एवं मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक गजेंद्र राणा व उनकी टीम द्वारा गढ़वाली, कुमांऊनी, जौनसारी लोक गीतों व लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में सिद्धि विनायक डान्स ग्रुप कोटद्वार द्वारा श्री कृष्ण जन्मोत्सव की नृत्य द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई। साईबर सेल पुलिस टीम द्वारा साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता नाटक का मंचन से लोगो को जागरूक किया गया। इस मौके पर डीएम डा.आशीष चौहान, एसएसपी श्वेता चौबे, सिविल जज नेहा कय्यूम, प्रतीक्षा केसरवानी, अकरम अली आदि शामिल रहे। वहीं, श्रीकृष्ण जन्माष्टी पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा बस स्टेशन में मटकी फोड़ का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बस स्टेशन में आए हुए थे।
