Friday, October 16, 2026
NATIONAL

नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार 12 फरवरी को विश्वास मत हासिल करेगी

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नवगठित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 12 फरवरी को बजट सत्र के पहले दिन विश्वास मत हासिल करेगी। इस मामले पर बृहस्पतिवार को जारी एक संशोधित अधिसूचना से यह जानकारी मिली।

इससे पहले, सरकार 10 फरवरी को विश्वास मत हासिल करने वाली थी। हालांकि, एक नयी अधिसूचना के अनुसार, सत्र अब 12 फरवरी से शुरू होगा जिसमें दोनों सदनों के सदस्यों के संयुक्त सत्र में राज्यपाल का संबोधन भी होगा।

जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 28 जनवरी को नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। कुमार ने महागठबंधन और विपक्षी गुट ‘इंडिया’ से नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ एक नयी सरकार बनाई।

नए विधानसभाध्यक्ष का चुनाव भी 12 फरवरी को निर्धारित है और इसी दिन राज्य आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अवध बिहारी चौधरी के स्थान पर नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।

बजट जो पहले 12 फरवरी को पेश किया जाना था, अब एक दिन बाद पेश किया जाएगा। सत्र 11 कार्य दिवस के बाद एक मार्च को समाप्त हो जाएगा। यह एक हंगामेदार बजट सत्र होने की संभावना है क्योंकि राजग ने (राजद के) विधानसभाध्यक्षके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है, जिन्होंने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *