Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

नामी डॉक्टर से रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार

रानीपुर क्षेत्र में नामी डॉक्टर से फोन पर साढ़े तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगकर गोली मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी तमंचा और चाकू लेकर वारदात को अंजाम देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें बीएचईएल सेक्टर-1 मेटेरियल गेट के पास से दबोच लिया। पुलिस ने एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, अवैध चाकू और बाइक भी बरामद की है। कोतवाली रानीपुर में निवासी डॉ. जितेंद्र चंदेला के पुत्र भावेश प्रताप चंदेला ने पुलिस को तहरीर दी थी कि कुआंखेड़ा निवासी आजाद गुर्जर ने फोन कर आश्रम बनाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर डॉक्टर और उनके परिवार को गोली मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आजाद गुर्जर (32) और सुरेंद्र गुर्जर (63), निवासी गांव कुआंखेड़ा, थाना लक्सर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे शराब पी रहे थे और उसी दौरान डॉक्टर को फोन कर रंगदारी मांगने की योजना बनाई। डॉक्टर से रुपये न मिलने पर दोनों तमंचा और चाकू के साथ उसे धमकाने जा रहे थे। मालूम हो कि डॉक्टर जितेंद्र चंदेला होम्योपैथी के नामी चिकित्सक है। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर शांति कुमार, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी विकास रावत, सुबोध घिल्डियाल, विमल नेगी, पप्पू लाल, नरेंद्र राणा आदि शामिल रहे। इसकी पुष्टि एसपी सिटी अभय सिंह ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *