Friday, October 16, 2026
OTHER NEWS

कोई मिल गया के पूरे हुए 18 साल, ऋतिक ने किया जादू को याद

अभिनेता ऋतिक रोशन की साइंस फिक्शन फिल्म कोई मिल गया ने उनके करियर को एक नया आयाम दिया है। इस फिल्म से जुड़ी यादें आज भी दर्शकों को रोमांचित करती हैं। यह फिल्म 2003 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को ऋतिक के पिता और जाने माने निर्देशक राकेश रोशन ने निर्देशित किया था। इस फिल्म के 18 साल पूरे होने के मौके पर ऋतिक ने फिल्म से जुड़ी अपनी भावनाएं शेयर की हैं।
कोई मिल गया 2003 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी। ऋतिक की 2000 में आई डेब्यू फिल्म कहो ना प्यार है के बाद इस फिल्म ने उनके करियर में चार चांद लगा दिए थे। कहो ना प्यार है का निर्देशन भी राकेश ने किया था, जिसमें उनके साथ अमीषा पटेल नजर आई थीं। ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म के अहम कैरेक्टर जादू को संबोधित करते हुए एक नोट साझा किया है।
ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, यह उसके लिए है जिसने रोहित और व्यक्तिगत तौर पर मेरे जीवन को खुशियों और जादू से भर दिया। उसने रोहित का हाथ पकड़ा, उसके घाव भरे और जादू में विश्वास करना सिखाया। साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों से पूछा कि आज जादू होता तो कैसा दिखता। ऋतिक के इस पोस्ट पर प्रशंसकों की ढेर सारी मजेदार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ऋतिक के पिता राकेश ने भी कमेंट करके शुभकामनाएं दी हैं।
ऋतिक ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 18 साल बीत चुके हैं, वह आज 21 साल का हो गया है। कभी-कभी मुझे लगता है कि वह आज कैसा दिखता होगा। आप क्या सोचते हैं? जादू को जन्मदिन की शुभकामनाएं। इस फिल्म में प्रीति जिंटा, रेखा और राकेश भी नजर आए थे। इस फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रियाएं मिली थीं। कोई मिल गया ने अपनी झोली में तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त किए थे।
कृष के 15 साल पूरे होने के मौके पर ऋतिक ने खुद कृष 4 का ऐलान किया था। इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म थी कोई मिल गया। इसके बाद 2006 में कृष और 2013 में कृष 3 दर्शकों के बीच आई। कृष में प्रियंका चोपड़ा, रेखा और नसीरुद्दीन शाह जैसे दिग्गज कलाकार नजर आए थे। वहीं, कृष 3 में कंगना रनौत, प्रियंका, नसीरुद्दीन, विवेक ओबेरॉय और राजपाल यादव की मौजूदगी देखने को मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *