Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

 मंदिर में चोरी पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुडक़ी।

जन्माष्टमी की रात लक्सर के बाजार में स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर बंद होने के बाद रात में किसी ने मंदिर का दानपात्र तोडक़र नगदी चोरी कर ली। मंदिर समिति के सचिव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लक्सरी से एक युवक को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। जन्माष्टमी पर नगर व देहात के सभी मंदिरों में रात को करीब एक बजे तक अच्छी चहल पहल थी। नगर के मेन बाजार में स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर भी एक बजे के बाद बंद किया गया था। सुबह में श्रद्धालु मंदिर खोलने पहुंचे तो मंदिर के बाहरी दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाने पर मंदिर के दानपात्र का ताला भी टूटा हुआ मिला। साथ ही उसमें मौजूद हजारों की नगदी भी गायब थी। सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी अशोक कश्यप पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर चोर के बारे में पता लगाने की कोशिश की, परंतु उसका सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति के सचिव ललित मोहन खन्ना ने कोतवाली पहुंचकर इसकी तहरीर पुलिस को दी थी। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए कस्बे से ही एक युवक को भी हिरासत में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *