नशामुक्ति के रूप में मनाया थाना दिवस
रुद्रपुर।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गांव जवाहरनगर में डीआईजी औश्र एसएसपी के निर्देश पर थाना दिवस का आयोजन नशामुक्ति अभियान के रूप में किया गया। क्षेत्राधिकारी पंतनगर आशीष भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस पर ग्राम जवाहरनगर पंचायत भवन में ग्राम प्रधान दीपा कांडपाल व विशिष्ट व्यक्ति तथा फरियादियों के साथ खुली चर्चा की गयी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्राम वासियों की समस्याओं को सुना और संबंधित बीट अधिकारी व पुलिस कर्मचारियों को समस्याओं के तत्काल निवारण के लिए आदेश दिये। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों द्वारा बताई गई चार अलग-अलग समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
पुलिस अधिकारियों व ग्रामीणों के मध्य क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही स्मैक की नशाखोरी, अवैध कच्ची शराब एवं चोरी की घटनाओं पर पैनी नजर रखने को गुप्त सूचनाओं के आदान-प्रदान पर जोर दिया गया। प्रधान संघ अध्यक्ष व प्रधान दीपा काण्डपाल ने रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने, रेलवे स्टेशन तथा अन्य चिह्नित स्थानों पर शाम के समय एकत्र होने वाले संदिग्धों पर नजर रखने की बात कही। जिस पर थानाध्यक्ष मदन मोहन जोशी ने तत्काल बीट कर्मियों को स्थान चिन्हित कर संदिग्धों को पकड़ने के आदेश दिये। इस अवसर पर थानाध्यक्ष मदन मोहन जोशी, उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट, कांस्टेबल भोपाल सिंह, कृपाल बोरा, पूर्व प्रधान पूरन बिश्ट, संजे पटवाल, डीएन जोशी समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
