Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

हरकी पैड़ी से कांवड़ लेकर पैदल ऋषिकेश रवाना हुईं खेल मंत्री रेखा आर्य 

हरिद्वार

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार सुबह हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की। उन्होंने मां गंगा का विधि-विधान से पूजन कर गंगाजल भरा और करीब 22 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर ऋषिकेश के लिए रवाना हुईं। वीरभद्र मंदिर पहुंचकर वह भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करेंगी। इस दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी और महामंत्री महंत हरि गिरि समेत कई साधु-संत मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा शुरू करने से पहले रेखा आर्य ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा को नमन किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ उठाई और भोलेनाथ के जयकारों के बीच पैदल यात्रा शुरू की। यात्रा में खेल प्रेमियों समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भक्ति गीतों और जयघोष से माहौल शिवमय हो गया।
संतों का आशीर्वाद लिया: उन्होंने मां गंगा का पूजन अर्चन करने के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और महामंत्री हरी गिरी महाराज का आशीर्वाद लिया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि रेखा आर्य के दोनों संकल्प पूरे हों और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करे। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य की कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी दे रही है।
पिछले साल लिया था बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प:  रेखा आर्य ने पिछले वर्ष भी हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा की थी। उन्होंने करीब 22 किलोमीटर की दूरी तय कर वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था। उस समय उन्होंने बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का संकल्प लिया था। इस बार उन्होंने 2036 ओलंपिक की मेजबानी और भारत को खेल महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। उनके पति भी इस यात्रा में साथ चल रहे हैं。

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *