Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

चारधाम यात्रा को बदनाम करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर : राधा रतूड़ी

देहरादून

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बुधवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि फेक न्यूज के जरिए चारधाम यात्रा को बदनाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का दुष्प्रचार करने वालों तथा फेक वीडियो बनाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा यात्रा को लेकर भ्रमक और गलत बातें प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चारधाम में क्राउड मैनेजमेंट व ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह जगह स्थापित हॉल्डिंग प्लेस पर पेयजल, शौचालय तथा भोजन आदि सुविधाओं का लाइव टेलीकास्ट कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चारधामों के लाइव टेलीकास्ट के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को 24 घंटे अपने मोबाइल फोन खुले रखने के निर्देश दिए और कहा कि लोगों की शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने प्रभारी सचिवों को सचिवालय से ही चारधाम यात्रा की मॉनीटरिंग के निर्देश दिए।
मेडिकल हिस्ट्री छिपाने वालों से कड़ाई से निपटें
मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा पर आने वाले कुछ श्रद्धालुओं द्वारा रजिस्ट्रेशन के दौरान अपनी मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ना देने या गलत जानकारी देने के मामलों को गम्भीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिए कि 50 साल से अधिक आयु के यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग पर विशेष फोकस किया जाए। स्वास्थ्य सचिव ने इस दौरान बताया कि चारधाम रूट पर 184 डॉक्टर तैनात किए गए हैं। इनमें 44 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स हैं। श्रीनगर में कैथलैब शुरू की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *