Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

रामगंगा नदी में 15 साल बाद भी मोटर पुल निर्माण न होने पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

पिथौरागढ़।

चंडिका घाट स्थित रामगंगा नदी में प्रस्तावित मोटर पुल का निर्माण न होने से कांग्रेसियों ने आक्रोश जताया है। कार्यकर्ताओं का कहना है स्वीकृति के 15 साल बाद भी मोटर पुल निर्माण की बात तो दूर है अब तक टेंडर प्रकिया ही शुरू नहीं हो सकी है। कहा सरकार की इस धीमी चाल से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
शुक्रवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष व पूर्व कांग्रेस प्रदेश महामंत्री जगत सिंह खाती के नेतृत्व में कार्यकर्ता चंडिका घाट मंदिर के समीप एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। खाती ने कहा वर्ष 2006 के दौरान चंडिका घाट में रामगंगा नदी में 80 मीटर पुल स्वीकृत हुआ, लेकिन डेढ दशक बीत जाने के बाद भी पुल का निर्माण नहीं हो सका है। इससे, गंगोलीहाट, बेरीनाग, कनालीछीना, मूनाकोट सहित सीमांत क्षेत्र के सैकड़ों लोग परेशान हैं। कहा पर्यटन की दृष्टि से भी मोटर पुल बेहद महत्वपूर्ण है। अगर रामगंगा नदी में मोटर पुल बन जाता है तो चंडिका घाट मंदिर होते हुए सीधे पाताल भुवनेश्वर गुफा के लिए आवाजाही कर सकते हैं। खाती ने कहा इस संबंध में उन्होंने विभागीय अधिकारियों से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के समक्ष अपनी बात रखी, लेकिन मोटर पुल निर्माण को लेकर कोई पहल नहीं हो रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा अगर 15 दिन के भीतर में मोटर पुल निर्माण को लेकर कोई पहल नहीं हुई वे लोनिवि कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। यहां युकां प्रदेश प्रवक्ता दीपक तिवारी, बीडीसी सदस्य भास्कर भट्ट, जीवन चंद जोशी, हिमांशु जोशी, लाल सिंह मेहता, टिकेंद्र मल आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *