चीनी राजनयिक की टिप्पणी से पाक में हंगामा
इस्लामाबाद
पाकिस्तान में तैनात चीन के एक राजनयिक के हिजाब को लेकर किए गए ट्वीट के बाद से हंगामा मच गया है। चीन के राजनयिक के इस ट्वीट की शिकायत पाकिस्तान की धार्मिक पार्टियों से लेकर आम लोगों ने की। पाकिस्तान की आवाम ने इसे इस्लाम और हिजाब पर हमला बताते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान से इस मामले में उचित कार्रवाई करने की बात कही है।
बता दें कि दो दिन पहले पाकिस्तान में स्थित चीनी दूतावास के राजनयिक जेंग हेक्विंग ने चीन के मुस्लिम बहुल शिनजियांग की एक लड़की के डांस का वीडियो ट्वीट किया था। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था कि अपना हिजाब उठाओ, मुझे तुम्हारी आंखें देखनी है। जेंग हेक्विंग के इस ट्वीट के बाद से पाकिस्तान में हंगामा मच गया है। पाकिस्तान के लोगों का कहना है कि चीन लगातार इस्लाम के खिलाफ काम कर रहा है और प्रधानमंत्री इमरान खान इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। बता दें कि चीन उइगर मुसलमानों का जबरन नसबंदी और गर्भपात करवा रहा है। शिनजियांग के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र चलाए जा रहे चीन के इस अभियान को विदेश मामलों के जानकार जनसांख्यिकीय नरसंरहार करार दे रहे हैं।
