Friday, October 16, 2026
UTTAR PRADESH

छेड़खानी पर युवती ने शोहदे को बीच सड़क जमकर थप्पड़ों से पीटा

कानपुर।

गुजैनी निवासी एक युवती ने छेड़खानी और पीछा करने के साथ छींटाकसी करने पर शोहदे को बीच सड़क कॉलर पकड़ कर थप्पड़ों से पीटा। इसके बाद दोबारा पीछा नहीं करने की चेतावनी देते हुए चली गई। गोविंद नगर थानेदार ने कहा कि युवती ने थाने या चौकी में शिकायत नहीं दर्ज कराई है। युवती से तहरीर लेकर शोहदे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का प्रयास किया जा रहा है।
पूरा मामला गुजैनी ए-ब्लॉक क्षेत्र का है। युवती गुजैनी में ही परिवार के साथ रहती है। जबकि आरोपी युवक भी उसके इलाके का ही है। युवती की मानें तो आरोपी शोहदा कई दिनों से घर से निकलने पर पीछा करता था। इतना ही नहीं मना करने के बाद रास्ते में रोक कर अपने प्यार का इजहार भी किया था। बार-बार रोकने के बाद भी शोहदा नहीं माना तो गुरुवार को युवती ने झल्लाकर खुद उसे रोक लिया और बीच सड़क थप्पड़ों से पीटा। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अगर अब पीछा किया तो एफआईआर दर्ज करके जेल भिजवा दूंगी। शोहदा किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकला। थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि पीड़ित युवती अगर तहरीर देगी तो मामले में एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *