हाईवे पार कर रही महिला को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा
कानपुर।
सचेंडी में हाईवे पार कर रही महिला को तेज रफ्तार वाहन रौंदता हुआ निकल गया, जबकि साथ रहा चार साल का मासूम बच्चा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बांदा के तिरवा शौथा गांव निवासी बाबूलाल की पत्नी सुशीला देवी (28) चाल साल के बेटे राज और अन्य रिश्तेदारों के साथ सचेंडी के कटरा घनश्याम में ठेके पर धान काटने आई थी। रिश्तेदार निरंजन ने बताया कि बुधवार को वह लोग सचेंडी थाने के सामने हाईवे पार कर रहे थे। तभी सुशीला अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। भागने के चक्कर में चालक उसे रौंदता हुआ निकल गया, जबकि उसका बच्चा बाल-बाल बच गया। हादसा देख सभी दौड़े और उसे हैलट ले गए, जहां डॉक्टर ने मृतक घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मृतका के पति को फोन पर दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के रिश्तेदार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
